PHM NEWS

उन्नाव: साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई

प्रकाशित: 09 Jul 2026

Unnao News:

उन्नाव: साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई, ठगी के ₹5 हजार पीड़ित के खाते में लौटे

उन्नाव पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को राहत दिलाई है। थाना कोतवाली सदर पुलिस ने साइबर फ्रॉड में गवाए गए ₹5,000 की पूरी रकम पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराई।

पुलिस के अनुसार, हरदोई रोड स्थित काशीराम कॉलोनी निवासी हर्ष सोनी ने 29 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करते ही उनके खाते से ₹5,000 की धोखाधड़ी हो गई। शिकायत मिलने के बाद थाना कोतवाली सदर की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने मामले में तत्काल कार्रवाई शुरू की।

लगातार प्रयासों के बाद 8 जुलाई 2026 को साइबर हेल्प डेस्क ने ठगी की गई ₹5,000 की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या संदिग्ध ऐप को डाउनलोड न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन/साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराएं।