फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र की मंडी चौकी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चौकी में मौजूद मुल्जिमों की रखवाली पुलिसकर्मियों की जगह एक कथित दलाल करता नजर आ रहा है। इस वीडियो के साम...
फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र की मंडी चौकी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चौकी में मौजूद मुल्जिमों की रखवाली पुलिसकर्मियों की जगह एक कथित दलाल करता नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, मंडी चौकी पर जुआ खेलने के आरोप में पकड़े गए कुछ लोगों को बिठाया गया था, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि उनकी निगरानी खुद पुलिस नहीं कर रही थी, बल्कि एक कथित दलाल उनकी रखवाली कर रहा था। वीडियो में चौकी इंचार्ज और अन्य पुलिसकर्मी नदारद दिख रहे हैं, जिससे चौकी में कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी चौकी में पुलिस की कार्यप्रणाली पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं, लेकिन इस बार का मामला सीधे कैमरे में कैद हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे की छवि पर सवाल उठ रहे हैं, और लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
इस मामले पर पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन वीडियो के आधार पर जांच की मांग की जा रही है। यदि जांच में लापरवाही साबित होती है, तो चौकी इंचार्ज और अन्य जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई संभव है। फिलहाल, फर्रुखाबाद पुलिस इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है।