गोरखपुर, 1 अगस्त 2025:गोरखपुर इलेक्ट्रिक कांट्रेक्टर्स एंड मर्चेंट्स एसोसिएशन ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की पादरी बाजार शाखा पर ₹13.60 लाख की अनधिकृत निकासी और बैंकिंग प्रोटोकॉल के उल्लंघन का गंभीर...
गोरखपुर, 1 अगस्त 2025:
गोरखपुर इलेक्ट्रिक कांट्रेक्टर्स एंड मर्चेंट्स एसोसिएशन ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की पादरी बाजार शाखा पर ₹13.60 लाख की अनधिकृत निकासी और बैंकिंग प्रोटोकॉल के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है। गुरुवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में एसोसिएशन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
एसोसिएशन के सदस्य श्री अच्छे लाल मद्धेशिया के खाते से 26 मई 2025 को दो संदिग्ध चेकों के माध्यम से कुल ₹13.60 लाख की निकासी की गई। आरोप है कि ये चेक धोखाधड़ी से प्राप्त किए गए थे और पीड़ित द्वारा समय रहते आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद बैंक ने पॉजिटिव पे सिस्टम का पालन नहीं किया।
एसोसिएशन के संयोजक श्री आनंद प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि इस गम्भीर चूक के बावजूद SBI प्रशासन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सका है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 11 जुलाई को एसोसिएशन ने शाखा का दौरा कर अपनी आपत्ति दोहराई थी, लेकिन तब भी मामले को नजरअंदाज किया गया।
एसोसिएशन ने प्रेस वार्ता में चार प्रमुख मांगें रखीं:
मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच
सीसीटीवी फुटेज व सभी संबंधित रिकॉर्ड की तुरंत उपलब्धता
₹12 लाख की त्वरित वापसी
लापरवाही के लिए जिम्मेदार बैंक अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई
पीड़ित व्यवसायी के पुत्र शुभम मद्धेशिया ने कहा, “यह केवल एक व्यापारी की समस्या नहीं है, बल्कि बैंकिंग प्रणाली की पारदर्शिता और ग्राहकों की सुरक्षा पर सीधा सवाल है। यदि इस तरह की घटनाएं बिना जवाबदेही के होती रहीं, तो आम जनता का विश्वास बैंकिंग संस्थाओं से उठ जाएगा।”
अब देखना यह है कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया इस गंभीर मामले में क्या रुख अपनाता है और कब तक पीड़ित को न्याय मिल पाता है।