रिपोर्ट: आशीष तिवारी लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि दिनदहाड़े लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देकर बेखौफ फरार हो जाते हैं। ताजा मामला थाना ठाकुरगंज के अमरपाली चौकी...
रिपोर्ट: आशीष तिवारी लखनऊ। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि दिनदहाड़े लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देकर बेखौफ फरार हो जाते हैं। ताजा मामला थाना ठाकुरगंज के अमरपाली चौकी क्षेत्र का है, जहां देवेंद्र कुमार मौर्य नामक व्यक्ति के साथ लूट की गंभीर वारदात हुई, लेकिन पुलिस कार्रवाई के नाम पर अब तक कुछ भी नहीं हुआ।
घटना दिनांक 14 जुलाई 2025 की है, जब देवेंद्र कुमार मौर्य बालागंज चौराहे से हरिनगर चौराहे की ओर जा रहे थे। झंडे वाले चौराहे से करीब 10 कदम पहले ही स्प्लेंडर प्लस बाइक सवार दो युवक अचानक उनके पीछे आकर रुके। बाइक से उतरते ही उन युवकों ने देवेंद्र की बाइक रोककर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में एक युवक ने देवेंद्र कुमार की सोने की चेन जबरन छीन ली और दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने तुरंत इस लूट की सूचना पुलिस को दी और 14 जुलाई को लिखित शिकायत (एप्लीकेशन) भी दी, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अमरपाली चौकी और ठाकुरगंज थाने की पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। न तो कोई एफआईआर दर्ज की गई और न ही घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं इलाके में लगातार हो रही हैं, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता ने अपराधियों के हौसले और बढ़ा दिए हैं। पीड़ित देवेंद्र कुमार का कहना है कि “अगर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती, तो शायद अपराधी पकड़ लिए जाते।”
चौकी इंचार्ज की उदासीनता से नाराज स्थानीय नागरिकों ने भी इस मामले को गंभीरता से उठाने की मांग की है। सवाल यह है कि क्या पुलिस प्रशासन केवल कागजों तक सीमित रह गया है? अगर ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज किया जाता रहेगा, तो आम आदमी की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
अब देखना यह होगा कि मीडिया में मामला आने के बाद पुलिस हरकत में आती है या यह मामला भी अन्य अनसुलझे मामलों की तरह फाइलों में दबा रह जाएगा। पीड़ित और स्थानीय जनमानस को न्याय की उम्मीद है।
रिपोर्ट: आशीष तिवारी लखनऊ Contact No : 70805 07363