शोहरतगढ़ में 800 रसोइया बहनों का सम्मान : विधायक विनय वर्मा ने पत्नी संग बांटी दीपावली की खुशियां
शोहरतगढ़ में 800 रसोइया बहनों का सम्मान विधायक विनय वर्मा ने पत्नी संग भेंट की साड़ी और मिठाई
शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर : दीपावली के पावन अवसर पर शोहरतगढ़ नगर पंचायत स्थित शिवपति इंटर कॉलेज में रसोइया बहनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती बबिता वर्मा के साथ शोहरतगढ़ जोगिया बर्डपुर और नौगढ़ ब्लॉक की करीब 800 रसोइया बहनों को साड़ी एवं मिठाई भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग की टीम शिवपति पीजी कॉलेज एवं शिवपति इंटर कॉलेज के प्राचार्य और प्रधानाचार्य सहित भारतीय जनता पार्टी अपना दल (एस) और निषाद पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक विनय वर्मा ने रसोइया बहनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनका स्नेह एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के पोषण और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में रसोइया बहनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे पूरी निष्ठा मेहनत और सेवाभाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करती हैं।
उन्होंने कहा कि रसोइया बहनों के योगदान को सम्मान देना समाज का नैतिक दायित्व है। उनके परिश्रम और समर्पण से विद्यालयों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक और उनकी धर्मपत्नी ने सभी रसोइया बहनों को दीपावली एवं छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने कामना की कि मां लक्ष्मी और छठी मइया की कृपा से सभी के जीवन में सुख शांति समृद्धि और खुशहाली आए।
विनय वर्मा ने कहा कि क्षेत्र की माताओं-बहनों का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने भविष्य में भी समाज के विभिन्न वर्गों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की बात कही।