राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शहीद गोवर्धन सिंह ढाका की प्रतिमा का किया अनावरण
लक्ष्मणगढ़/सीकर, 15 जून। राजस्थान के हरिभाऊ बागड़े ने सोमवार को लक्ष्मणगढ़ उपखंड के जसरासर स्थित शहीद स्मारक में शहीद गोवर्धन सिंह ढाका की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा स्मारक परिसर में पौधारोपण भी किया।
समारोह के दौरान राज्यपाल ने शहीद की माता भगवानी देवी, पत्नी सुनीता देवी सहित अन्य वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र, विशेषकर सीकर, झुंझुनूं और नागौर के जवानों का देश की तीनों सेनाओं में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राजस्थान सदैव वीरों और शूरवीरों की भूमि रहा है, जहां के सपूतों ने राष्ट्र रक्षा में अमूल्य योगदान दिया है।
राज्यपाल ने बप्पा रावल और महाराणा प्रताप जैसे वीरों का स्मरण करते हुए कहा कि शहीद गोवर्धन सिंह ढाका का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में शहीद परिवारों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर उनके त्याग को याद रखा जाए।
कार्यक्रम में 13वीं ग्रेनेडियर्स की टुकड़ी ने शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया तथा शहीद की माता को सम्मान पत्र प्रदान किया गया। राज्यपाल ने शहीद परिवार के साथ भोजन भी किया।
समारोह में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि देश का सैनिक कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए सभी नागरिकों से योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्य सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर, पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, विधायक गोवर्धन वर्मा, विधायक सुभाष मील, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में शहीद वीरांगनाएं उपस्थित रहीं।