बिजली की केबल चोरी, मोटर चोरी करने का भी प्रयास; सरपंच महावीर सिंह राणावत ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की।
संवाददाता: अनीश मेमन सिरोही,राजस्थान।
सिरोही। क्षेत्र में कृषि कुओं पर चोरी की बढ़ती घटनाओं से किसानों की चिंता बढ़ गई है। अज्ञात चोरों ने गांव के करीब सात कृषि कुओं को निशाना बनाते हुए बिजली की केबल चोरी कर ली। वहीं, कुछ कृषि कुओं पर लगी मोटर चोरी करने का प्रयास भी किया गया।
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से किसानों में भय और नाराजगी का माहौल है।
घटनाओं की जानकारी मिलने पर ग्राम पंचायत सरपंच महावीर सिंह राणावत ग्रामीणों के साथ पिंडवाड़ा पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने चोरी की घटनाओं के संबंध में पुलिस को रिपोर्ट दी तथा ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत करवाया। इस दौरान उन्होंने पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई।
सरपंच महावीर सिंह राणावत ने पुलिस प्रशासन से चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासा करने, आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा गांव और आसपास के कृषि क्षेत्रों में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत की कमाई से खरीदे गए कृषि उपकरण और बिजली की केबल चोरी होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना आवश्यक है।
ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा किसानों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। अब ग्रामीणों को पुलिस की प्रभावी कार्रवाई और चोरी की वारदातों के खुलासे का इंतजार है।










