गोरखपुर। समाजवादी पार्टी में गोरखपुर के नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिला और महानगर इकाई भंग होने के बाद अब सभी की निगाहें पार्टी हाईकमान के फैसले पर टिकी हैं। इसी बीच जीतेंद्र यादव का नाम भी समर्थकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी ने बीते 4 अक्टूबर को गोरखपुर की जिला और महानगर कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। इसके बाद से ही नए जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति का इंतजार किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जिलाध्यक्ष पद के लिए पार्टी नेतृत्व आठ संभावित नामों पर विचार कर रहा है, जिनमें चार युवा और चार पुराने चेहरे शामिल बताए जा रहे हैं।
वहीं, समर्थकों के बीच जीतेंद्र यादव के नाम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर राजनीतिक हलचल देखने को मिल रही है।
अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं*।
जीतेंद्र यादव की दावेदारी को लेकर पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। इस खबर को सिर्फ समर्थकों के बीच चल रही चर्चाओं और संभावनाओं के रूप में ही देखा जाना चाहिए।
अखिलेश के दौरे से पहले फैसले की उम्मीद*।
खास बात यह है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 18 नवंबर को गोरखपुर के चौरीचौरा क्षेत्र के दौरे पर आने वाले हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि उनके दौरे से पहले संगठन को लेकर कोई महत्वपूर्ण फैसला सामने आ सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी हाईकमान गोरखपुर की कमान किसी युवा चेहरे को सौंपता है या फिर किसी अनुभवी नेता पर भरोसा जताता है। फिलहाल जिलाध्यक्ष पद को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व को ही करना है।










